March 26, 2026

UKND

Hindi News

लखवाड़-व्यासी परियोजना सीएम की प्राथमिकता, मुआवजा वितरण टाइमबाउंड करें: डीएम सविन बंसल

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में लखवाड़-व्यासी जल विद्युत परियोजना से संबंधित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना से प्रभावित हितधारकों, यूजेवीएनएल, राजस्व तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि लखवाड़-व्यासी जल विद्युत परियोजना राज्य, देश और मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने में सभी विभागों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। डीएम ने प्रभावित परिवारों को मिलने वाले मुआवजे और अनुग्रह राशि के भुगतान को टाइमबाउंड तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि पर स्थित परिसंपत्तियों के मूल्यांकन कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन संपत्तियों का अभी तक मूल्यांकन नहीं हुआ है, उनका आकलन 10 दिन के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही यूजेवीएनएल के अधिकारियों को गणना सीट प्रस्तुत न करने पर फटकार लगाते हुए 05 दिसंबर तक गणना सीट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि प्रभावितों की आपत्तियों के निस्तारण के लिए स्थानीय स्तर पर सप्ताह में एक दिन विशेष कैंप आयोजित किए जाएं, जिसमें यूजेवीएनएल, राजस्व और संबंधित विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर बैठकर प्रभावितों की समस्याओं का समाधान करेंगे।

बैठक के दौरान प्रभावित परिवारों ने मांग रखी कि मार्च 2023 से पहले अलग हुए कुछ परिवारों का पंजीकरण पोर्टल पर मार्च 2023 के बाद अपडेट हुआ है, जिसके कारण उन्हें अलग परिवार के रूप में मान्यता नहीं मिल पा रही है और वे मुआवजे से वंचित हो रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावितों की इस मांग को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

जिलाधिकारी ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को मुआवजा और अनुग्रह अनुदान राशि का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी और अचल परिसंपत्तियों के मूल्यांकन का कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ तेजी से पूरा किया जाए ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।

बैठक में उपस्थित प्रभावितों ने मुआवजा, पुनर्वास, स्थानांतरण और अन्य स्थानीय मुद्दों से संबंधित अपनी समस्याएं और सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे। डीएम ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएंगी।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि लखवाड़-व्यासी जल विद्युत परियोजना राज्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।