October 18, 2024

UKND

Hindi News

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित ‘9 वर्ष उत्कर्ष के’ विकास और संस्कृति का महोत्सव तथा देश के असीम विकास यात्रा पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित ‘9 वर्ष उत्कर्ष के’ विकास और संस्कृति का महोत्सव तथा देश के असीम विकास यात्रा पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में यह 09 साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए उनके नेतृत्व में योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश में नई कार्य संस्कृति विकसित कर प्रधानमंत्री जी ने देश की जनता का भरोसा जीता है। वर्ष 2014 से पहले लम्बे समय तक शासन करने वाली सरकारों ने गरीबी हटाने के नारे तो लगाये, लेकिन देश से गरीबी हटाने का असली काम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। मुख्यमंत्री ने कहा की प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य के क्षेत्र की योजना आयुष्मान भारत योजना भारत में चलाई जा रही है। जिसमें सालाना 5 लाख रुपये के इलाज की गारंटी मिलती है। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का देवभूमि उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में पिछले 09 सालों में उत्तराखण्ड में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन पर तेजी से कार्य हो रहा है।