March 25, 2026

UKND

Hindi News

सीएम धामी ने देहरादून में अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण केंद्र का किया निरीक्षण, युवाओं का बढ़ाया उत्साह

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग तथा खेल विभाग द्वारा प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय, रायपुर (देहरादून) में संचालित अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और अधिकारियों को युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में वे प्रत्येक जिले के भ्रमण के दौरान वहां संचालित अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण केंद्रों का भी निरीक्षण करेंगे, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा सके।

मुख्यमंत्री ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधे संवाद करते हुए उनके प्रशिक्षण अनुभव, दिनचर्या और चुनौतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने युवाओं से यह भी पूछा कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें किन-किन सुविधाओं की आवश्यकता महसूस हो रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण केंद्र में उपलब्ध शारीरिक प्रशिक्षण, दौड़ अभ्यास, खेल गतिविधियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं को उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाएं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि प्रदेश सरकार अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, ताकि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ देश सेवा के लिए चयनित हो सकें।

युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित खेल गतिविधियों में भी भाग लिया और युवाओं को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समय-समय पर अपडेट करने और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की सहायता से युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि Agniveer Scheme देश के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। इस योजना के माध्यम से युवाओं को देश की तीनों सेनाओं में सेवा का अवसर मिल रहा है, जिससे उनमें राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि कम आयु में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा न केवल देश की सुरक्षा में योगदान देते हैं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी कौशल भी अर्जित करते हैं। साथ ही अग्निवीर योजना से प्रशिक्षित युवा सेवा अवधि के बाद विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के लिए भी सक्षम बनते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ उठाएं। इसके लिए प्रदेश में निःशुल्क प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन, अनुभवी प्रशिक्षक और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।