February 13, 2026

UKND

Hindi News

हल्द्वानी मीडिया सेंटर में पत्रकारों हेतु निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 100 से अधिक लोगों ने लिया लाभ

हल्द्वानी, 12 फरवरी 2026 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हल्द्वानी मीडिया सेंटर में पत्रकारों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक पत्रकारों और उनके परिजनों ने लाभ उठाया।

पत्रकारों की व्यस्त जीवनशैली और अनियमित दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस विशेष शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, बीपी, शुगर, थायराइड तथा विभिन्न रक्त जांच सहित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों—हृदय, हड्डी, स्त्री, नेत्र, दंत एवं फिजिशियन—द्वारा व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल और संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है, क्योंकि स्वतंत्र और निष्पक्ष मीडिया समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

इससे पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चन्द्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने संयुक्त रूप से शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों, मेडिकल टीम, सूचना विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

यह पहल राज्य सरकार की “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की भावना को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण मानी जा रही है।