June 27, 2026

UKND

Hindi News

Screenshot

हेमकुंट साहिब यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं ने अफवाहों का किया खंडन, बोले- यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक बातें

चमोली। हेमकुंट साहिब की पवित्र यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों का खंडन करते हुए कहा है कि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रही है। श्रद्धालुओं ने पुलिस, जिला प्रशासन, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि कुछ लोग केवल सोशल मीडिया पर व्यूज बटोरने के लिए भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं।

पंजाब से अपने परिवार के साथ हेमकुंट साहिब के दर्शन के लिए पहुंचीं श्रद्धालु सुखबीर कौर ने बताया कि वह 19 जून को यात्रा पर निकली थीं। यात्रा शुरू करने से पहले कई लोगों ने उन्हें सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के आधार पर सतर्क रहने की सलाह दी थी। मंगलवार को यात्रा पूरी कर गोविंदघाट लौटने के बाद उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पूरी क्षमता के साथ यात्रा का सफल संचालन कर रहे हैं। यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सुविधाएं, भोजन, आवास तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध हैं। इसके अलावा स्थानीय लोग भी श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता कर रहे हैं।

सुखबीर कौर ने कहा कि वास्तविक स्थिति सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही बातों से बिल्कुल अलग है। उनके अनुसार कुछ लोग केवल सोशल मीडिया पर अधिक व्यूज और लोकप्रियता हासिल करने के लिए यात्रा को लेकर भ्रामक अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निश्चिंत होकर हेमकुंट साहिब के दर्शन के लिए आएं।

यात्रा पूरी कर लौटे अन्य तीर्थयात्रियों ने भी वीडियो संदेश जारी कर कहा कि भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस-प्रशासन पूरी मुस्तैदी से व्यवस्था संभाल रहा है और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

श्रद्धालुओं ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करने तथा केवल आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही यात्रा से संबंधित निर्णय लेने की अपील की।