हरिद्वार: उत्तराखंड की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज होती नजर आ रही है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने हाल ही में हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ पहुंचकर योग गुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण से मुलाकात की। इस दौरान हरीश रावत और स्वामी रामदेव के बीच बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत हुई। हालांकि, इस मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
मुलाकात के बाद जब मीडिया ने हरीश रावत से बंद कमरे में हुई बातचीत को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने इस चर्चा के बारे में खुलकर कुछ भी कहने से परहेज किया, जिससे मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर हरीश रावत ने दिलचस्प जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह ‘हरिद्वारमय’ हैं और उनका मन हमेशा हरिद्वार में ही रहता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा और वह पार्टी नेतृत्व के निर्णय का पालन करेंगे।
हरीश रावत की इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर खानपुर सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर उनके बयान ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है।
हालांकि, इस मुलाकात और संभावित राजनीतिक चर्चाओं को लेकर स्वामी रामदेव या पतंजलि योगपीठ की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

More Stories
गोपेश्वर में जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत, GIS आधारित ड्रेनेज योजना को मिली मंजूरी
रामनगर की पुछड़ी बस्ती में चला बुलडोजर, 86 घर जमींदोज… उजड़ गए आशियाने, बेघर परिवारों के सामने खड़ा हुआ जिंदगी का सवाल
दिल्ली में रामलीला मार्च को लेकर नेता प्रतिपक्ष की व्यापारियों से अपील, बोले- विरोध प्रदर्शन के साथ करें खरीदारी