November 1, 2026

UKND

Hindi News

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ दिल्ली में INDIA गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन, रामलीला मैदान की ओर निकले विपक्षी नेता

नई दिल्ली। दिल्ली में INDIA गठबंधन ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा विरोध मार्च शुरू किया है। इस मार्च में कांग्रेस समेत गठबंधन के कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ नेता ओपन-टॉप बस में सवार होकर मार्च के लिए रवाना हुए।

विपक्षी नेताओं का यह मार्च मिंटो रोड से कनॉट प्लेस जंक्शन की ओर बढ़ा, जहां से ‘चलो दिल्ली’ मार्च का औपचारिक आगाज हुआ। इसके बाद मार्च रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य रैली स्थल पर पहुंचेगा।

चुनाव आयोग के खिलाफ उठाई आवाज

INDIA गठबंधन ने इस विरोध प्रदर्शन को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ नाम दिया है। विपक्षी दलों की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को पूरी तरह वापस लेने की मांग शामिल है।

विपक्ष का आरोप है कि SIR के माध्यम से मतदाता सूचियों में कथित तौर पर गड़बड़ी की जा रही है और गरीब एवं कमजोर वर्गों के मताधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। गठबंधन ने इसे ‘वोट चोरी’ का मामला बताते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।

CEC के खिलाफ पहले भी कर चुके हैं प्रदर्शन

इस मार्च से पहले 30 और 31 अक्टूबर को INDIA गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतीकात्मक सार्वजनिक महाभियोग की कार्यवाही भी की थी। इसके साथ ही गठबंधन की ओर से सुप्रीम कोर्ट में संयुक्त याचिका भी दाखिल की गई थी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 4000 से अधिक जवान तैनात

विरोध मार्च और भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के 4,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। मिंटो ब्रिज सहित संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है। भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए AI तकनीक से लैस CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं।

राहुल गांधी ने की दिल्ली के व्यापारियों से खरीदारी की अपील

मार्च से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली पहुंच रहे लाखों समर्थकों से खास अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली, छठ और भाई दूज जैसे त्योहारों के मौके पर दिल्ली आने वाले लोग अपने विरोध प्रदर्शन और रैलियों के साथ स्थानीय व्यापारियों का भी समर्थन करें।

राहुल गांधी ने लोगों से दिल्ली के बाजारों में खरीदारी करने और स्थानीय कारोबारियों को सहयोग देने की अपील की।