November 3, 2026

UKND

Hindi News

‘मॉक संसद में ही सही, एक बार प्रधानमंत्री बन जाइए राहुल जी!’ अमित शाह का तंज, सोनिया गांधी का भी किया जिक्र

हैदराबाद, तेलंगाना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके मॉक संसद आयोजन को लेकर तंज कसा। हैदराबाद में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि राहुल गांधी को मॉक संसद में कम से कम एक बार प्रधानमंत्री बन जाना चाहिए था, क्योंकि असली संसद में प्रधानमंत्री बनना उनके लिए संभव नहीं है।

अमित शाह ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “राहुल जी, मेरी बात सुनिए। दो दिन पहले आपने मॉक संसद आयोजित की थी। अगर आप मुझसे पूछते तो मैं आपको सुझाव देता कि नेता प्रतिपक्ष बने बिना ही कम से कम एक बार मॉक संसद में प्रधानमंत्री बन जाइए। क्यों? क्योंकि असली संसद में तो आप कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। कम से कम मॉक संसद में प्रधानमंत्री बनकर ही सोनिया जी के दिल को थोड़ी शांति मिल जाती।”

शाह ने आगे राहुल गांधी की राजनीतिक सक्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह चुनाव नहीं जीते जा सकते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी तीन-चार महीने देश में रहते हैं और फिर विदेश चले जाते हैं। चुनाव जीतने के लिए उन्हें देश में रहकर मेहनत करनी होगी।

गृह मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को जनता के बीच एकजुट होकर खड़ा होना होगा और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना होगा।

अमित शाह के इस बयान के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।