वाराणसी: भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को नई ऊंचाइयां देने वाले महान संगीतकार श्री मुथुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार ने उन्हें विशेष सम्मान दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 3 नवंबर 2026 को वाराणसी स्थित आईआईटी (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित विशेष समारोह ‘अमरा गुरुगुहा’ में ₹250 का स्मारक सिक्का जारी किया।
मुथुस्वामी दीक्षितर भारतीय शास्त्रीय संगीत के उन महान रचनाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने उत्तर और दक्षिण भारत की संगीत परंपराओं के बीच सांस्कृतिक सेतु का काम किया। वाराणसी (काशी) में बिताए उनके समय ने उनकी संगीत साधना और रचनात्मकता को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने हिंदुस्तानी संगीत की कई विशेषताओं और राग संरचनाओं को कर्नाटक संगीत की समृद्ध परंपरा में समाहित किया।
35 ग्राम वजन, विशेष मिश्रधातु से तैयार हुआ सिक्का
मुथुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती के प्रतीक के रूप में जारी यह स्मारक सिक्का 35 ग्राम वजन का है। इसे विशेष क्वाटरनरी मिश्रधातु से तैयार किया गया है, जिसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता शामिल है।
इस सिक्के का निर्माण मुंबई स्थित इंडिया गवर्नमेंट मिंट में किया गया है। यह स्मारक सिक्का सामान्य लेनदेन के लिए प्रचलन में नहीं लाया जाएगा। इसे सिक्का संग्रहकर्ताओं और संगीत प्रेमियों के लिए इंडिया गवर्नमेंट मिंट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
भारतीय संगीत परंपरा को दिया नया आयाम
मुथुस्वामी दीक्षितर की रचनाएं आज भी कर्नाटक संगीत की अमूल्य धरोहर मानी जाती हैं। उनकी संगीत रचनाओं में भारतीय आध्यात्मिकता, शास्त्रीय परंपरा और विविध सांस्कृतिक प्रभावों का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
उनके सम्मान में जारी ₹250 का यह स्मारक सिक्का न केवल एक महान संगीत साधक के प्रति देश की श्रद्धांजलि है, बल्कि भारतीय संगीत की विविधता, एकता और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है।

More Stories
‘मॉक संसद में ही सही, एक बार प्रधानमंत्री बन जाइए राहुल जी!’ अमित शाह का तंज, सोनिया गांधी का भी किया जिक्र
हैदराबाद में अमित शाह ने निकाली ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ महापदयात्रा
दिल्ली में दुकानों के बंद होने पर राहुल गांधी का BJP पर आरोप, बोले- व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है, जनता समझे