हरिद्वार में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष पर आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री, सामाजिक एकता और भाईचारे का दिया संदेश
अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए छह वर्षों में जारी किए गए 239 करोड़ रुपये
तीन वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई
हरिद्वार, 24 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचार और आदर्श आज भी समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाते हैं। प्रदेश सरकार संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और सम्मान दिलाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को हरिद्वार के धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संत रविदास जी के आदर्शों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी महाराज की समानता और समरसता की सोच को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से देवभूमि में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। जाति, पंथ और वर्ग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव किए बिना कानून की नजर में सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास पर 239 करोड़ रुपये खर्च
मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के अंतर्गत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके तहत अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए प्रदेश में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में इन योजनाओं के माध्यम से एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
आदर्श गांव और छात्रावासों का हो रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के तहत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना भी संचालित कर रही है। इसके तहत पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होने पर दंपत्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है।
इसी प्रकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक परेशानी बाधा न बने, इसके लिए शादी अनुदान योजना चलाई जा रही है। इसके तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उपलब्ध कराई जाती है।
स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा और सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों से मुक्त करने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संत रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करने के लिए प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा को सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उन्होंने लोगों से संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने की अपील की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरी महाराज, महंत अरुणदास जी महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह और गजेंद्र यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

More Stories
सीएम धामी ने चम्पावत को दी ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, टनकपुर-बनबसा में जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत
दिसंबर 2026 से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं का मानदेय, सीएम धामी का जताया आभार
हरिद्वार पहुंचे सीएम धामी, योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माताजी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि