देहरादून, 10 जुलाई 2025 — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को रुद्रपुर में प्रस्तावित ₹1 लाख करोड़ की ग्राउंडिंग सेरेमनी के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियाँ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भव्य और प्रभावशाली रूप में आयोजित किया जाए, जिससे उत्तराखंड की औद्योगिक प्रगति को नई पहचान और रफ्तार मिले।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विशेष आयोजन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह आयोजन राज्य के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा देगा और युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान राज्य सरकार को कुल ₹3.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ की ग्राउंडिंग हो चुकी है। यह राज्य में निवेशकों के बढ़ते विश्वास और औद्योगिक संभावनाओं को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह आयोजन स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन देगा और राज्य की आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खोलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समन्वय और सजगता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि उत्तराखंड की सकारात्मक छवि और निवेश-अनुकूल वातावरण को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जा सके।
इस बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव बंशीधर तिवारी तथा प्रबंध निदेशक उद्योग श्री सौरभ गहरवार उपस्थित रहे।

More Stories
देहरादून चिड़ियाघर में बढ़ा आकर्षण, सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का CM धामी ने किया लोकार्पण; कॉलेज विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त एंट्री
सही नीतियों और नेक इरादों से देश में आया बड़ा बदलाव, पिछले 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: PM मोदी
मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास के साथ मना लोकपर्व इगास, CM धामी ने खेला भैलो; लोकगीतों और नृत्यों ने बांधा समां