राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शनिवार को लोक भवन में पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की तथा 13 से 15 दिसंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाली 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस के लिए आमंत्रित किया।
राज्यपाल ने पब्लिक रिलेशंस की भूमिका को भारत की सांस्कृतिक आत्मा को समझने और समाज की भावनाओं को सही रूप में अभिव्यक्त करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार करने में जनसंपर्क की प्रभावी भागीदारी अनिवार्य है, क्योंकि मजबूत विकास के लिए प्रभावी कम्युनिकेशन आवश्यक है।
राज्यपाल ने आधुनिक समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम टेक्नोलॉजी तथा अन्य अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग पब्लिक रिलेशंस क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि नई तकनीकें तभी सार्थक सिद्ध होंगी जब उनका उपयोग भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और जड़ों से जुड़कर किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क केवल संदेश प्रसारित करने भर की गतिविधि न रहे, बल्कि समाज को मार्गदर्शन और नेतृत्व प्रदान करने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। सोशल मीडिया के जिम्मेदार और प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सकारात्मक, तथ्यपूर्ण तथा जनहितकारी संचार ही समाज की दिशा तय कर सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सम्मेलन का ब्रोशर भेंट किया और संस्था की गतिविधियों व उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अधिवेशन का मुख्य विषय “विकसित भारत @ 2047 में जनसंपर्क की भूमिका” निर्धारित किया गया है। सम्मेलन में देशभर से 300 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। उत्तराखण्ड के रजत जयंती वर्ष पर राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, PRSI देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारनिया, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट तथा सदस्य संजय भार्गव एवं वैभव गोयल उपस्थित रहे।

More Stories
डीएम संग अर्ली मॉर्निंग वॉक ने बढ़ाया बौद्धिक दिव्यांगजनों का हौसला
2027 हरिद्वार कुंभ मेले में देवडोलियों के दिव्य स्नान व भव्य शोभायात्रा की होंगी विशेष व्यवस्थाएँ: मुख्यमंत्री धामी
बाबा साहेब आंबेडकर की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री धामी ने अर्पित की श्रद्धांजलि