January 10, 2026

UKND

Hindi News

डीएम संग अर्ली मॉर्निंग वॉक ने बढ़ाया बौद्धिक दिव्यांगजनों का हौसला

देहरादून, 06 दिसंबर 2025। विश्व दिव्यांग सप्ताह के अवसर पर रफेल होम संस्था द्वारा दिव्यांगजनों के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता बढ़ाने हेतु “वॉक फॉर डिस्एबिलिटी” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सविन बंसल एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने दून लाइब्रेरी चौक से गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर लगभग 300 बौद्धिक दिव्यांगजन एवं बच्चे शामिल हुए।

जिलाधिकारी सविन बंसल एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने दिव्यांग बच्चों के साथ “वॉक फॉर डिस्एबिलिटी” में कदम से कदम मिलाते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया तथा समाज में समावेशन, समान अवसर और दिव्यांगजनों के अधिकारों की सुनिश्चितता के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

वॉक दून लाइब्रेरी चौक से प्रारंभ होकर विकास भवन चौक, एस्लेहॉल से होते हुए पुनः लाइब्रेरी चौक पर आकर संपन्न हुई। मार्ग में प्रतिभागियों ने दिव्यांग अधिकार, समावेशी शिक्षा, सुलभता (Accessibility) और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों के माध्यम से समाज को अधिक संवेदनशील और सहयोगी बनने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि बौद्धिक दिव्यांगजन समाज के अभिन्न अंग हैं। उनके हितों की रक्षा करना, कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें उपलब्ध कराना और उनके लिए सुलभ वातावरण तैयार करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रफेल होम संस्था के कार्यों की सराहना की और ऐसे कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने के लिए प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ना सरकार एवं प्रशासन का लक्ष्य है और मुख्यमंत्री की भी यही प्राथमिकता है कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों एवं व्यक्तियों को बराबर के अवसर मिलें।

दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करने हेतु ब्राइटलैंड स्कूल की लगभग 50 छात्राओं ने भी स्लोगन के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं समाजसेवी संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। समापन पर सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, रफेल होम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियालाल, प्रधानाध्यापक सुरभि, मेघा तथा ब्राइटलैंड स्कूल के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।