August 26, 2026

UKND

Hindi News

मुख्यमंत्री ने किया ‘बाला गौरिया’ के टीजर और पोस्टर का लोकार्पण; अक्टूबर के पहले सप्ताह में रिलीज की संभावना

देहरादून: उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकगाथाओं और लोक देवताओं की परंपरा पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बाला गौरिया’ का टीजर और पोस्टर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में लोकार्पित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह फिल्म उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने और राज्य की लोक संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

‘हिमाद्रि प्रोडक्शंस’ के बैनर तले बन रही फिल्म ‘बाला गौरिया’ उत्तराखंड के लोक में न्याय देवता के रूप में प्रतिष्ठित गोलज्यू महाराज के बाल जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन नितिन तिवारी कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता मनोज चंदोला हैं। फिल्म के अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में रिलीज होने की संभावना है।

 

टीजर और पोस्टर के लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोक परंपराएं, लोकगाथाएं और लोक देवताओं की समृद्ध विरासत राज्य की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ ही उसे प्रभावी ढंग से व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण और फिल्म शूटिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत इसे फिल्म निर्माताओं के लिए एक विशिष्ट गंतव्य बनाती हैं।

 

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास देश और विदेश के फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में शूटिंग के लिए बेहतर वातावरण, आवश्यक सुविधाएं और अनुकूल व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना है। पर्यटन नीति में भी फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने, फिल्म शूटिंग के लिए प्रोत्साहन देने, अनुमति प्रक्रिया को तेज बनाने और विभिन्न स्थानों पर फिल्म सिटी विकसित करने के प्रावधान किए गए हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को पसंदीदा फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को फिल्म निर्माण से जुड़े रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे प्रदेश की आर्थिकी को गति मिलने के साथ ही उत्तराखंड की कला, संस्कृति, बोली-भाषा, लोक परंपराओं और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

 

धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोक देवताओं और लोक आख्यानों में सदियों पुरानी सांस्कृतिक चेतना, परंपराएं और जीवन मूल्य समाहित हैं। इनका संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से उत्तराखंड की अन्य लोकगाथाओं, लोक देवताओं और सांस्कृतिक परंपराओं पर भी फिल्म निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उत्तराखंड की लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्मों के माध्यम से प्रदेश की लोक धरोहरों को व्यापक मंच मिलेगा और उत्तराखंड के पर्यटन को भी नई पहचान प्राप्त होगी।

 

इस अवसर पर फिल्म के निर्माता मनोज चंदोला सहित फिल्म से जुड़े कलाकार और टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।