भीमताल, नौकुचियाताल और कमलताल के सौंदर्यीकरण पर 46 करोड़ रुपये से अधिक खर्च, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप नैनीताल जनपद में झीलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को नैनीताल जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने भीमताल, नौकुचियाताल और कमलताल क्षेत्र में प्रस्तावित परियोजनाओं का विस्तृत अवलोकन किया तथा अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भीमताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए 25.67 करोड़ की योजना
भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 25.67 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। योजना के अंतर्गत झील के आसपास स्थित प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास, दीनदयाल पार्क के समीप बोटिंग डॉक का निर्माण, 4210 मीटर लंबे कॉबल स्टोन पैदल मार्ग का विकास, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग सुविधाओं का उन्नयन, सोलर स्ट्रीट लाइटिंग तथा आधुनिक स्ट्रीट फर्नीचर की स्थापना शामिल है।
नौकुचियाताल में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार
नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 20.97 करोड़ रुपये की योजना पर कार्य प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पार्किंग सुविधा, फ्लोटिंग जेट्टी, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, गज़ीबो, व्यूपॉइंट, लैंडस्केपिंग तथा सोलर लाइटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कमलताल बनेगा नया पर्यटन आकर्षण
कमलताल क्षेत्र में ओपन शॉपिंग प्लाज़ा, 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर पैदल मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सोलर लाइटिंग एवं लैंडस्केपिंग जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। परियोजना पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए एक नए आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
भवाली में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण अंतिम चरण में
भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में मल्टीलेवल कार पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य लगभग 96 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। परियोजना के तहत बेसमेंट में पार्किंग तथा भूतल और प्रथम तल पर लगभग 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर 124 वाहनों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।
नैनीताल शहर में पार्किंग व्यवस्था होगी मजबूत
नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में 42.77 करोड़ रुपये की लागत से सरोवर पार्किंग परियोजना स्वीकृत की गई है, जिसमें 605 चार पहिया और 202 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त नैनीताल क्लब के समीप नगर पालिका भूमि पर 30.43 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना प्रस्तावित है, जिसमें 202 चार पहिया एवं 96 दो पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी।
लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें शीघ्र शुरू कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में परिवर्तन कर परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
उन्होंने नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित अशोक पार्किंग स्थल का निरीक्षण करते हुए पूर्व में स्वीकृत धनराशि का उपयोग कर पार्किंग निर्माण की कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जा सके।
सचिव ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से झीलों का संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार तथा यातायात प्रबंधन बेहतर होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों को लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के सचिव विजयनाथ शुक्ल, उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक संदीप सिंह रावत एवं दिवाकर बडोनी, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कमलेश जोशी, प्रोजेक्ट सेल अधिकारी अनिल कुमार तड़ागी, सहायक अभियंता शिवम धीमान, अवर अभियंता अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गंगा संरक्षण, सीवरेज और स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के उत्तराखंड आगमन पर मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वागत
पीआरडी जवानों ने उठाई नियमितीकरण और स्थायी रोजगार की मांग