July 27, 2024

UKND

Hindi News

आज राजभवन में ‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार’ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया

आज राजभवन में ‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार’ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल श्री गुरमीत सिंह (से.नि.), मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्ष 2022 में शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शैक्षिक पुरस्कार सम्मान राशि को ₹10 हजार से ₹21 हजार किये जाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री धामी ने सभी शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे अपनी मौलिक जिम्मेदारी के महत्व को रेखांकित कर एक ऐसी नई पीढ़ी का निर्माण करें, जो ज्ञान और विवेक के सामंजस्य से परिपूर्ण हो ताकि वह आज की सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक समाधान कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू की गई नई शिक्षा नीति हमारे बच्चों को भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करने का एक प्रयास है, जिसे विभिन्न हितधारकों से विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया है। जिसमें हमारे शिक्षकों की भी बहुत बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने के साथ ही शिक्षकों को सक्षम बनाने हेतु सभी प्रयास किए जा रहे हैं ताकि शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके और छात्रों को भी नई तकनीकों में निपुण किया जा सके।